Saturday, 21 February 2015

भारत की पांच बेहद डरावनी जगह

भारत को उसके प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और पुरातात्विक महत्व के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। इसी वजह से यहां पर्यटक खींचे चले आते हैं, लेकिन यहां भी ऐसी कई रहस्यमयी जगहें मौजूद हैं, जहां भूतों और आत्माओं का बसेरा होने के किस्से आम हैं। इस वजह से यहां पर्यटक जाने से कतराते हैं। आइए, आपको बताते हैं इन भूतहा जगहों के बारे बताते हैं।

कुलधारा, राजस्थान

जैसलमेर से करीब 18 किलोमीटर दूर इस गांव के बारे में किंवदती है कि यह एक शापित जगह है। इस गांव के वीराने के पीछे एक सुंदर लड़की की कहानी छिपी है। कहा जाता है कि इस गांव के मुखिया की सुंदर बेटी के रूप पर मोहित जैसलमेर के दीवान सालिम सिंह मुखिया उसे अपने हरम में लाना चाहता था। इसके लिए उसने गांववालों पर दबाव बनाया। ऐसे में एक रात गांव वालों ने पंचायत कर अपने मान-सम्मान की रक्षा के लिए पूरा गांव रातों रात खाली कर दिया। कहते हैं कि जाते वक्त पालीवाल ब्राह्मणों ने गांव को शाप दिया कि अब यह कभी दोबारा नहीं बस सकेगा। तब से यह गांव वीरान पड़ा है। कहते हैं कि यहां रात में भूत-प्रेत और अजब-अजब सी आवाजें आती हैं। इसी वजह से गांव के बाहर एक बड़ा सा दरवाजा लगा दिया गया है।

जटिंगा वैली, असम

असम के सिलचर शहर से 80 किलोमीटर दूर यह वैली मौजूद है। एक लोककथा के अनुसार, इस वैली में हर अंधेरी रात में पक्षी संदेहास्पद स्थिति में आत्महत्या कर रहे थे। यहां हर साल प्रवासी पक्षी आते तो थे, लेकिन उनमें वापस लौटकर कोई नहीं जा पाता। इसकी वजहों को जानने की कोशिश वैज्ञानिकों ने भी की थी।

जीपी ब्लॉक, मुंबई

यह भी भारत की काफी डरावनी जगहों की फेहरिस्त में शुमार है, क्योंकि यहां कई बेहद विचित्र घटनाएं घटी हैं। माना जाता है कि इस दो मंजिला इमारत में बुरी आत्माओं का घेरा है। स्थानीय लोगों ने यहां कई बार चार लड़कों को घर के अंदर टेबल पर धीमी मोमबत्ती की रोशनी में बीयर पीते हुए देखा है। कुछ लोगों ने लड़कियों को भी लाल कपड़े पहनकर अंदर जाते देखा है। इस इमारत की छत पर अकसर इन चार सायों को देखा जाता है।

भानगढ़ का किला, राजस्थान

राजस्थान के अलवर जिले में स्थित इस किले को भारत के भूतहा किले के रूप में जाना जाता है। किंवदती है कि एक तांत्रिक के शाप के चलते यह किला एक रात में ही खंडहर बन गया और तभी से यहां भूतों का राज चलता है। यहां रात में रुकना मना है और कोई भी यहां रात गुजारने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

माहिम की डिसूजा चॉल, मुंबई

महानगर मुंबई के माहिम इलाके में मौजूद डिसूजा चॉल भी डरावनी जगहों में से एक है। अगर कहानियों पर यकीन करें तो यहां कुएं से पानी खींचने गई एक महिला उसमें गिरकर मर गई थी। लोगों का कहना है कि तब से आज तक इस महिला का भूत उसी कुएं के आसपास देखा जाता है।

(साभार : दैनिक जागरण)

No comments:

Post a Comment